रक्षाबंधन पर ट्रैफिक अलर्ट: ‘रक्षा के साथ सुरक्षा भी जरूरी’
बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस और नागरिक संगठनों का अनोखा अभियान, शहर के चौक-चौराहों में यमराज ने दी चेतावनी
बिलासपुर | रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व को यातायात सुरक्षा से जोड़ते हुए बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस ने नागरिक संगठनों के साथ मिलकर जागरूकता का अनूठा अभियान चलाया। इस दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर ‘यमराज’ के प्रतीक रूप में लोगों को हेलमेट और सीटबेल्ट पहनने की सलाह दी गई।
नारों और स्लोगनों से जागरूकता
कार्यक्रम में “इस राखी रक्षा के साथ सुरक्षा भी”, “अगर हेलमेट को करोगे Bye – तो यमराज करेंगे आपको Hi” जैसे स्लोगनों ने लोगों का ध्यान खींचा। भाई-बहन के प्रेम के इस पर्व पर, ट्रैफिक पुलिस ने सभी भाइयों को यह संदेश दिया कि “जब तक खुद सुरक्षित नहीं होंगे, बहनों की रक्षा कैसे करोगे।”
यातायात नियमों की अनदेखी नहीं होगी माफ
कार्यक्रम के दौरान यमराज की वेशभूषा में व्यक्ति ने उन लोगों को चेताया जो नियमों की अनदेखी कर रहे थे। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि अब लापरवाह वाहन चालकों को माफ नहीं किया जाएगा। ऑनलाइन चालानी की कार्रवाई भी तेज की जा रही है।
एसएसपी और एएसपी की निगरानी में चला विशेष अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के निर्देशन में ट्रैफिक पुलिस द्वारा यह अभियान चलाया गया।
पुलिस के मुताबिक, शहर में सरल, सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। इसके बावजूद कुछ वाहन चालक लेफ्ट फ्री व्यवस्था में भी अनावश्यक वाहन खड़ा कर यातायात बाधित कर रहे हैं।
स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों पर भी जागरूकता अभियान
ट्रैफिक पुलिस नियमित रूप से स्कूल, कॉलेज और संस्थानों में जाकर लोगों को जागरूक कर रही है। बावजूद इसके कुछ लापरवाह वाहन चालक नियमों को अनदेखा कर खुद और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
नागरिक संगठन भी हुए शामिल
इस अभियान में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवियों, ट्रैफिक मित्रों, पुलिस के सहयोगी समूहों और जागरूक नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने हाथों में स्लोगन पोस्टर लेकर लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
