October 18, 2026

12 घंटे में खुला चोरी का राज, जेवर-नगदी समेत आरोपी गिरफ्तार
“ऑपरेशन बाज” के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता, तीन पुलिसकर्मियों को मिला इनाम

0
IMG-20250806-WA0550.jpg

मुंगेली । नगर के खरीपारा क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर जेवर और नगदी चोरी करने वाले दो चोरों को मुंगेली पुलिस ने महज 12 घंटे में गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से ₹67,000 का माल-मसरूका बरामद कर लिया गया है, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण और नगदी शामिल है। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त हसिया भी जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने “ऑपरेशन बाज” अभियान के तहत त्वरित कार्यवाही की।

सूने मकान को बनाया निशाना : प्रार्थी बीरबल सोनकर, निवासी बशीर खान वार्ड खरीपारा ने दिनांक 05 अगस्त को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 03 अगस्त को परिवार सहित ग्राम कोयलारी दादी की बरसी में गया था। जब 05 अगस्त की सुबह लौटकर आया, तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अलमारी से ₹14,000 नगद, सोने की चैन, झुमका, अंगूठी, बाली, टॉप्स, पायल आदि कुल मिलाकर ₹80,000 की संपत्ति चोरी हो चुकी थी।

सीसीटीवी और मुखबिर से मिली मदद : कोतवाली पुलिस ने त्वरित जांच प्रारंभ की। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम ने खरीपारा क्षेत्र में घेराबंदी की और अंकित सारथी पिता लाखन सारथी उम्र 20 वर्ष निवासी विनोबा भावे वार्ड को एक नाबालिग बालक के साथ हिरासत में लिया।

पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूलते हुए बताया कि वे घर के पास के बाथरूम से छत पर चढ़े, फिर छत के दरवाजे से अंदर घुसकर अलमारी का लॉक हसिया से तोड़कर चोरी को अंजाम दिए। आभूषणों को “मोर छत्तीसगढ़ ढाबा” के पीछे जमीन में दबाकर रखा गया था।

बरामद सामान : पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जमीन में दबाकर रखे ₹66,000 के सोने-चांदी के जेवरात, ₹1000 नगद बरामद किया। शेष ₹13,000 उन्होंने अमरकंटक घूमने में खर्च करना बताया। कुल ₹67,000 का मशरूका जब्त किया गया है।

आरोपी गिरफ्तार, एक फरार : मुख्य आरोपी अंकित सारथी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया, जबकि अपचारी बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया। पुलिस एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका : इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गिरीजाशंकर यादव, साइबर सेल प्रभारी सुशील कुमार बंछोर, सहायक उपनिरीक्षक मधुकर रात्रे समेत कोतवाली व साइबर टीम की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस टीम को मिला सम्मान

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जी.एस. यादव, एएसआई मधुकर रात्रे, आरक्षक विकास ठाकुर, अजय चंद्राकर, योगेश यादव की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए तीन पुलिसकर्मियों को ₹500-₹500 का नकद इनाम भी प्रदान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed