October 19, 2026

ऑपरेशन मुस्कान: बिलासपुर पुलिस ने एक माह में 151 अपहृत बच्चों को किया दस्तयाब, राष्ट्रीय स्तर पर रचा कीर्तिमान

0
IMG-20250803-WA0790.jpg

बिलासपुर । पुलिस मुख्यालय नया रायपुर के निर्देशानुसार पूरे राज्य में जुलाई माह के दौरान ऑपरेशन मुस्कान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत बिलासपुर पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए 151 अपहृत बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में इस अभियान को गंभीरता से संचालित किया गया। जिले के सभी लंबित अपहरण प्रकरणों की स्वयं समीक्षा करते हुए, उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को संवेदनशीलता के साथ हर मामले की विवेचना कर दस्तयाबी हेतु ठोस निर्देश जारी किए।

तकनीकी संसाधनों और मजबूत मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस को कई अपहृत बच्चों के अन्य राज्यों में होने की जानकारी मिली। इसके आधार पर विभिन्न थानों से दस्तयाबी हेतु विशेष टीमें बनाकर उन्हें महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं पंजाब जैसे राज्यों सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में रवाना किया गया।

1 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक चले इस अभियान में पुलिस ने 14 बालक एवं 137 बालिकाओं सहित कुल 151 बच्चों की सकुशल बरामदगी कर उनके परिजनों से मिलवाया। वर्षों से बिछड़े कई बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई, और उन्होंने बिलासपुर पुलिस का आभार जताया।

इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने अभियान में सक्रिय सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और विवेचकों को शाबाशी दी एवं नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जून माह में चलाए गए ऑपरेशन तलाश के तहत भी बिलासपुर पुलिस ने 1056 गुमशुदा महिला/पुरुषों की दस्तयाबी कर राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed