October 19, 2026

NCC स्काउट्स ने जाना यातायात पुलिस का जिम्मेदारी भरा कार्य
गुलाब फूल देकर नियमों का पालन करने वालों का किया सम्मान

0
IMG-20250727-WA0764.jpg

बिलासपुर। शहर में सुचारु और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस बिलासपुर के सहयोग से एनसीसी स्काउट्स ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का भ्रमण कर प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सड़क पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिस जवानों के कार्यों को नजदीक से देखा और सीखा कि ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को किन-किन परिस्थितियों से गुजरना पड़ता है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में चल रहे इस जागरूकता कार्यक्रम में एनसीसी के छात्र-छात्राओं को प्रातः 10 बजे से शाम 3 बजे तक शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर तैनात किया गया।

इस दौरान स्काउट्स ने यातायात नियमों का पालन करने वाले दोपहिया चालकों को गुलाब फूल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। साथ ही, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग के प्रति आम नागरिकों को जागरूक किया गया और सुरक्षित ड्राइविंग की अपील की गई।

एनसीसी कैडेट्स ने न सिर्फ ट्रैफिक ड्यूटी में यातायात पुलिस का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया, बल्कि शहर में चल रही आबकारी आरक्षक परीक्षा के दौरान भी लगभग 35,000 अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की भीड़ में यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया। छात्रों ने ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर मार्ग व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाई और सामाजिक सरोकार का परिचय दिया।

बिलासपुर शहर में परीक्षा या अन्य आयोजनों के दौरान वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था चुनौतीपूर्ण हो जाती है। ऐसे में यातायात पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों को प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर एनसीसी स्काउट्स के लिए सीख का माध्यम बना।

कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को बताया गया कि कानून के प्रति जागरूकता और नागरिक कर्तव्यों के पालन से ही समाज में बेहतर बदलाव संभव है। इस अवसर पर यातायात पुलिस के अधिकारी, कर्मचारी, पेट्रोलिंग दल सहित बड़ी संख्या में एनसीसी स्काउट्स एवं उनके प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed