October 19, 2026

सिरगिट्टी पुलिस की कार्रवाई: चोरी के मामले में बालक और व्यवसायी गिरफ्तार, सोना-चांदी व नकदी बरामद

0
IMG-20250724-WA1069.jpg




बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में हुए चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक और कीर्ति नगर निवासी व्यवसायी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी की चांदी, नगद ₹25,000, मोबाइल फोन और करीब 21 ग्राम सोने को बरामद किया गया है।

थाना सिरगिट्टी में प्रार्थी कमलेश साहू (उम्र 22 वर्ष, निवासी दैहान गिट्टी) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 जुलाई को वह अपने घर में ताला लगाकर सरकंडा गया था। अगले दिन लौटने पर उसने पाया कि घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है और अंदर रखी लाल पेटी से सोना, चांदी और नकदी चोरी हो गई है।

जांच के दौरान पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की घटना में संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी का सोना-चांदी कीर्ति नगर निवासी अभिषेक सोनी को बेचा था। बालक के पास से दो नग चांदी की बिछिया, ₹25,000 नकद तथा चोरी की रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन जब्त किया गया।

व्यवसायी अभिषेक सोनी से पूछताछ पर उसने चोरी का सोना खरीदकर उसे पिघलाकर एक टुकड़े में ढालने की बात कबूल की। पुलिस ने पिघलाया गया करीब 21 ग्राम सोना भी जब्त कर लिया है।

विधि से संघर्षरत बालक को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, वहीं आरोपी व्यवसायी अभिषेक सोनी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। सिरगिट्टी पुलिस की इस तत्परता से चोरी का मामला सुलझ सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed