आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 27 जुलाई को, जिले के 12 केन्द्रों में होगी आयोजित
मुंगेली । छत्तीसगढ़ व्यवसायिक मंडल रायपुर द्वारा आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 27 जुलाई को प्रातः 11 बजे से दोपहर 01.15 बजे तक जिले के 12 केन्द्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में 04 हजार 300 से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार परीक्षा के सफल आयोजन के संबंध में डॉ. जे.पी.मिश्र शासकीय विज्ञान महाविद्यालय में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जिले के समस्त परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समन्वयक डॉ. शोभित कुमार बाजपेयी ने ब्रीफिंग के माध्यम से सभी को परीक्षा के सफल संचालन हेतु महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस अवसर पर परीक्षा की जिला नोडल अधिकारी श्रीमती मेनका प्रधान भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। केंद्र में प्रवेश से पूर्व सभी परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी, जिसके लिए परीक्षार्थियों को कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र में पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र की पूरी जांच समय पर हो सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पहले केंद्र के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा के दौरान हल्के रंग के आधी बाँह के कपड़े और चप्पल पहनना अनिवार्य होगा। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनकर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश वर्जित है। इसके साथ ही घड़ी, पर्स, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व कोई भी संचार का साधन, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि साथ लाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केन्द्र में प्रवेश पत्र, मूल पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पेन कार्ड, ड्रायविंग लाईसेंस, मतदाता पहचान पत्र सहित अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र लेकर आना अनिवार्य है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
