पैसे वापस करने के बहाने युवती से छेड़छाड़ – सरकंडा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में महिला संबंधी अपराध पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी ने युवती से पहले इनकम का लालच देकर पैसे जमा करवाए और फिर रकम लौटाने के बहाने होटल बुलाकर छेड़छाड़ की।
सरकंडा थाना पुलिस ने प्रकरण क्रमांक 977/2025 में धारा 75(1)(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी शाहिल गांधी (37 वर्ष), निवासी सुदामा नगर, सोनीपत (हरियाणा), वर्तमान पता इंदिरा नगर, तारबाहर, बिलासपुर को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता कॉलेज में पढ़ाई कर रही है और एक सेमिनार के दौरान उसकी पहचान आरोपी शाहिल गांधी से हुई थी। आरोपी ने खुद को एम.आई. कंपनी से जुड़ा बताते हुए रकम निवेश कराने पर लाभ देने का झांसा दिया। जब लाभ नहीं मिला तो पीड़िता ने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपी ने उसे पैसे लौटाने की बात कहकर होटल में बुलाया, जहां उसने पीड़िता के साथ अश्लील हरकतें कीं।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भापुसे) को अवगत कराया। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 17 जुलाई 2025 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
