October 19, 2026

सरकंडा और एसीसीयू पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में झपटमारी गिरोह का पर्दाफाश – चार आरोपी गिरफ्तार, सोने की चेन व बाइक जब्त

0
IMG-20250718-WA0686.jpg

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में महिला से झपटमारी की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह का सरकंडा और एसीसीयू पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से झपटमारी में प्रयुक्त बाइक और ₹66,000 मूल्य की 13 ग्राम सोने की चेन बरामद की है। साथ ही, चुराए गए जेवर की खरीद करने वाले एक सुनार को भी गिरफ्तार किया गया है।

प्रकरण अपराध क्रमांक 944/2025, धारा 304(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज है।

पीड़िता उमा देवी गुप्ता, निवासी राजकिशोर नगर, ने 09 जुलाई 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने पोती को ट्यूशन छोड़ने जा रही थी, तभी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उसके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए जांच तेज की।

दिनांक 17 जुलाई 2025 को सूचना मिली कि ग्राम चिल्हाटी में तीन युवक संदिग्ध अवस्था में पल्सर बाइक पर घूम रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देशन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल, एसीसीयू प्रभारी अनुज कुमार, सीएसपी सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडे एवं एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक अजहरुद्दीन के नेतृत्व में संयुक्त टीम रवाना की गई।

टीम ने घेराबंदी कर गुलशन कुमार, पप्पू यादव, और मंजित कुमार नट को पकड़ा, जो पूछताछ के दौरान शुरू में गुमराह करते रहे, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने राजकिशोर नगर में झपटमारी की घटना को स्वीकार किया। आरोपियों ने यह भी बताया कि चुराई गई चेन को तुलसीराम सोनी (सुनार) के पास बेच दिया गया था।

पुलिस टीम ने पत्थलगांव जाकर सुनार तुलसीराम को भी गिरफ्तार कर, चुराई गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल जब्त कर ली। चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपी:

1. गुलशन कुमार, निवासी शिवपुरी, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर


2. पप्पू यादव, निवासी कोढ़ा, जिला कटिहार, बिहार


3. मंजित कुमार नट, निवासी दीवानपुर, जशपुर


4. तुलसीराम सोनी, सुनार, निवासी पत्थलगांव, जशपुर

इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक निलेश पांडे, निरीक्षक अजहरुद्दीन, प्रआर प्रमोद सिंह, बलवीर सिंह, आतिश पारिख, देवमून पुहुप, निखिल जाधव, विवेक राय, सत्या पाटले, प्रेम सूर्यवंशी, संजीव जांगड़े, और विकास यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed