सकर्रा गांव में सियान चेतना कार्यक्रम, वृद्धजनों को किया गया सम्मानित
बिलासपुर |वरिष्ठजनों के सम्मान, अधिकारों की जानकारी और प्रताड़ना से सुरक्षा को लेकर जिलेभर में चल रहे “सियान चेतना कार्यक्रम” के अंतर्गत आज हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम सकर्रा में विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार और एसडीओपी डी.आर. टंडन ने किया।
इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्र के अनेक वृद्धजन कार्यक्रम में शामिल हुए। पुलिस टीम ने उन्हें आदरपूर्वक गमछा, श्रीफल, फूलमाला और महिलाओं को साड़ी, श्रीफल और माला भेंट कर सम्मानित किया।
अधिकारियों ने वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी और उन्हें यह बताया कि यदि उन्हें घर या समाज में किसी भी प्रकार की प्रताड़ना हो रही हो, तो वे चुप न रहें। पुलिस उनकी पूरी सहायता करेगी।
एएसपी अनुज कुमार ने संबोधित करते हुए कहा, “वृद्धजन समाज के ‘बटवृक्ष’ होते हैं। भारतीय संस्कृति में उनका विशेष स्थान है, और उनके चरण-स्पर्श से दिन की शुरुआत करना परंपरा रही है। ऐसे लोगों का सम्मान हर पीढ़ी का कर्तव्य है।”
कार्यक्रम के दौरान ही एक मेडिकल टीम द्वारा वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। उपस्थित वृद्धजनों ने पुलिस द्वारा किए जा रहे इस सम्मान और जागरूकता प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम का आयोजन थाना हिर्री के प्रभारी अवनीश पासवान एवं उनकी टीम के सहयोग से सम्पन्न हुआ।
संदेश स्पष्ट है: वरिष्ठजनों को सिर्फ सम्मान ही नहीं, सुरक्षा भी मिलनी चाहिए — और पुलिस इस दिशा में एक मजबूत भूमिका निभा रही है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
