October 19, 2026

यातायात की पाठशाला में बच्चों ने सीखे सड़क सुरक्षा के गुर
आत्मानंद स्कूल चिंगराजपारा में यातायात पुलिस ने किया जागरूकता अभियान, वृक्षारोपण भी हुआ

0
IMG-20250703-WA0743.jpg

बिलासपुर | बिलासपुर यातायात पुलिस द्वारा स्वामी आत्मानंद शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल चिंगराजपारा में “यातायात की पाठशाला” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए नियमों के पालन का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में शामिल बच्चों को बताया गया कि वे स्वयं तो यातायात नियमों का पालन करें ही, साथ ही अपने अभिभावकों और परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में किया गया।

बच्चों को मिला प्रशस्ति पत्र, किया गया सम्मान

स्कूल के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा सप्ताह में विशेष भूमिका निभाई थी। इस उपलब्धि को देखते हुए यातायात पुलिस ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती वंदना से हुई, फिर अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके बाद बच्चों ने नुक्कड़ नाटक, नृत्य और गीतों के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी दी।

गीत-संगीत और संकल्प से जागरूकता

हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह ने देशभक्ति गीतों और यातायात आधारित गीतों की प्रस्तुति दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे ने छात्रों को नियमों का महत्व समझाया और यातायात नियमों को घर-परिवार तक पहुँचाने का संदेश दिया।

संकेतों की जानकारी, वरिष्ठजनों के सम्मान का पाठ

सेवानिवृत्त उप निरीक्षक उमाशंकर पांडे ने सड़कों पर प्रयोग होने वाले यातायात संकेतों और निर्देशकों के बारे में जानकारी दी।
“शियान चेतना कार्यक्रम” के तहत बच्चों को वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करने, उनके हालचाल पूछने और उनके प्रति संवेदनशील रहने की सीख दी गई।

पर्यावरण मित्र अभियान के तहत वृक्षारोपण

“चेतना पर्यावरण मित्र” और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत स्कूल परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। बच्चों और अतिथियों ने मिलकर पौधे लगाकर पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया।

सार्वजनिक शपथ लेकर यातायात नियमों के प्रति दिखाई प्रतिबद्धता

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। बच्चों ने संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं नियमों का पालन करेंगे, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।

इस मौके पर शाला विकास समिति के सदस्य, स्कूल के पूर्व एवं वर्तमान प्राचार्य, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed