आईजी डॉ संजीव शुक्ला ने किया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ
जांजगीर चाम्पा – पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में जिला पुलिस द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुये एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन स्वास्थ्य विभाग एवं लाइफ केयर हॉस्पिटल बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला (आईपीएस) द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। शिविर में उपस्थितजनों को निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श , स्वास्थ्य परीक्षण तथा आवश्यक औषधियों का वितरण किया गया। इस अवसर पर आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को संबोधित करते हुये कहा कि यदि शिविर में किसी पुलिसकर्मी या उनके परिजन को हायर सेंटर में आगे की चिकित्सा जांच या उपचार की आवश्यकता महसूस होती है , तो ऐसे मामलों में विभाग एवं चिकित्सकों द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जायेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस परिवार की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जायेगी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक जांजगीर विजय कुमार पाण्डेय को इस आयोजन के लिये बधाई एवं शुभकानायें देते हुये कहा कि यदि किसी पुलिसकर्मी या उनके परिजन को शिविर के उपरांत उच्च स्तरीय चिकित्सा (हायर सेंटर) की आवश्यकता पड़ती है , तो ऐसे प्रत्येक मामले में विभाग एवं चिकित्सक पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करेंगे। इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में जिला पुलिस बल , सशस्त्र बल , नगर सेना , जेल विभाग , शहीद परिवारों एवं सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों सहित उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस स्वास्थ्य शिविर में 436 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने इस शिविर का प्रत्यक्ष लाभ उठाया। स्वास्थ्य शिविर कार्यक्रम में अनुभवी चिकित्सकों के द्वारा जांच/चेकअप किया गया और आवश्यक दवायें भी दी गई। उपरोक्त स्वास्थ्य शिविर में डॉ. यू.सी. शर्मा , डॉ. रूपेश श्रीवास्तव , डॉ. नरेश देवांगन , डॉ. आलोकनाथ , डॉ. प्रफुल्ल चौहान , डॉ. हरीश पटेल , डॉ. राम कृष्ण कश्यप , डॉ. मनोज कुमार राठौर , डॉ. शशि कुमार मिश्रा , डॉ. सिद्धांत राय , डॉ. आकाश सिंह राणा , डॉ. मर्सिलिना किस्पोट्टा , डॉ. कार्तिक बघेल द्वारा जांच/चेकअप किया गया। चिकित्सा शिविर के दौरान पुलिस अधीक्षक जांजगीर चांपा विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर चांपा उमेश कुमार कश्यप , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार सहित जिले के राजपत्रित अधिकारी एवं थाना चौकी प्रभारीगण उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
