जांजगीर में यातायात व्यवस्था सुधारने प्रशासन की पहल, BTI चौक से कलेक्ट्रेट तिराहा तक सड़क का सीमांकन
डिवाइडर के दोनों ओर 12-12 मीटर चौड़ाई की मार्किंग, दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की समझाइश; पार्किंग स्थलों का भी होगा विकास
जांजगीर । शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने तथा सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से प्रशासन ने पहल शुरू की है। कलेक्टर जांजगीर-चांपा एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बुधवार को BTI चौक से कलेक्ट्रेट तिराहा तक निर्माणाधीन डिवाइडर के दोनों ओर 12-12 मीटर चौड़ाई का नाप लेकर सीमांकन और मार्किंग की गई। इस संयुक्त कार्रवाई में प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
संयुक्त टीम ने कोतवाली जांजगीर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस मार्ग का सर्वे कर सड़क की निर्धारित सीमा को चिह्नित किया। इस दौरान सड़क किनारे दुकान संचालित करने वाले व्यापारियों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी गई कि वे निर्धारित सीमा के भीतर ही अपना व्यवसाय संचालित करें। दुकानदारों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने और दुकान का सामान सड़क की निर्धारित सीमा से बाहर नहीं रखने की हिदायत दी गई। साथ ही दुकानों के सामने लगे बोर्ड, फ्लेक्स और बैनर को भी निर्धारित सीमा क्षेत्र से हटाने के लिए कहा गया।
पार्किंग के लिए चिह्नित किए जाएंगे स्थान
सर्वे के दौरान सड़क के दोनों ओर कुछ शासकीय पार्किंग स्थलों की पहचान की गई है। इसके अलावा अन्य संभावित स्थानों का शासकीय रिकॉर्ड देखकर उन्हें पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसका उद्देश्य सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े होने वाले वाहनों को निर्धारित स्थान उपलब्ध कराना है, ताकि मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित न हो।
बिजली के खंभों की शिफ्टिंग पर भी विचार
सड़क के दोनों ओर लगे विद्युत खंभों के कारण कुछ स्थानों पर मार्ग की चौड़ाई प्रभावित हो रही है। ऐसे स्थानों का भी सर्वे कर चिन्हांकन किया गया है। अधिकारियों के अनुसार कुछ जगहों पर इन खंभों के आसपास के हिस्से का उपयोग पार्किंग के रूप में किया जा रहा है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है। इसे देखते हुए विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार खंभों की शिफ्टिंग और आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
गलत पार्किंग करने वालों पर होगी चालानी कार्रवाई
प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी। सड़क की निर्धारित सीमा का उल्लंघन करने और यातायात व्यवस्था में व्यवधान पैदा करने वाले लोगों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
इस पूरी कार्रवाई में राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, यातायात विभाग, लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी विभागों के आपसी समन्वय से शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानी कम करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है।
व्यापारियों और नागरिकों से सहयोग की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे निर्धारित सड़क सीमा का पालन करें। सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें तथा दुकान का सामान सड़क पर फैलाकर यातायात बाधित न करें। पुलिस के अनुसार शहर को जाममुक्त, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ आमजन और व्यापारियों का सहयोग भी जरूरी है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
