ई-ऑफिस से होगी शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और दक्षता – कलेक्टर
कलेक्टर ने ई-ऑफिस के जरिए भेजी फाइल, जिले में हुई प्रणाली की विधिवत शुरुआत
मुंगेली । शासन के निर्देशानुसार मुंगेली जिले में सभी शासकीय कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली का क्रियान्वयन प्रारंभ कर दिया गया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में ई-ऑफिस के माध्यम से फाइल प्रेषित कर इसका विधिवत शुभारंभ किया। कलेक्टर ने कहा कि ई-ऑफिस से न केवल कार्यों में पारदर्शिता आएगी, बल्कि समयबद्धता और दक्षता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि शासन की मंशानुरूप समस्त विभागों में कार्यप्रणाली को डिजिटल और सुगम बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य ई-ऑफिस प्लेटफ़ॉर्म पर दस्तावेजों की डिजिटल ट्रैकिंग एवं प्रसंस्करण, कार्यों में पारदर्शिता और कुशलता, समय की बचत एवं प्रक्रिया की गति में सुधार, कर्मचारियों के बीच बेहतर संवाद और सहयोग स्थापित करना है।
कलेक्टर ने कहा कि इससे कागजी कार्यवाही में कमी आएगी और फाइलों का त्वरित निपटारा संभव होगा। उन्होनें समस्त कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे ई-ऑफिस का नियमित, प्रभावी और सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित करें। जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने बताया कि इसका उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों को तेज और पारदर्शी बनाना है, इससे पूरी प्रक्रिया पेपरलेस होगी। कागजी नोटशीट फाइलें नहीं चलेंगी, उनकी बजाए ऑनलाइन फाइलें इधर से उधर जाएंगी। फाइलों के डिजिटल रूपांतरण के तहत कागजी फाइलों को स्कैन कर सिस्टम में अपलोड किया जायेगा। अधिकारी और कर्मचारी डिजिटल रूप से फाइल पर नोट लगा सकते हैं। टिप्पणियां दे सकते हैं और स्वीकृति दे सकते हैं। हर फाइल और नोट की स्थिति जैसे कहां रुकी है, किसके पास है जैसी स्थितियों को रियल टाइम में ट्रैक किया जा सकता है। सरकारी कार्यालयों के अंदर सूचना भेजने और प्रगति की निगरानी के लिये डैशबोर्ड और मेल सिस्टम की सुविधा है। उल्लेखनीय है कि ई-ऑफिस प्रणाली के सफल क्रियान्वयन हेतु पूर्व में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पोर्टल के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई थी। इस अवसर पर जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी देवेंद्र राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
