एक ही दिन में दो सड़क हादसे, 12 की मौत : पुरुलिया में बोलेरो-ट्रक भिड़ंत, हावड़ा में बस-लॉरी टकराई
कोलकाता/पुरुलिया । पश्चिम बंगाल में शुक्रवार का दिन दो बड़े सड़क हादसों का गवाह बना। पुरुलिया जिले में तड़के बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं हावड़ा जिले में गुरुवार को बस-लॉरी टक्कर में 3 लोगों की जान चली गई। दोनों हादसों ने राज्य को झकझोर कर रख दिया।
पुरुलिया में बोलेरो और ट्रक की टक्कर में 9 की मौत
हादसा बलरामपुर थाना क्षेत्र के नामशोल गांव में नेशनल हाईवे-18 पर शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे हुआ। झारखंड के तिलाईटांड लौट रही बोलेरो कार की तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह चकनाचूर हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने सभी 9 को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक सभी लोग पुरुलिया के बड़ाबाजार थाना क्षेत्र के अदबाना गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।
ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।
हावड़ा में बस-लॉरी भिड़ंत, 3 की मौत, 26 घायल
दूसरा बड़ा हादसा गुरुवार को हावड़ा जिले में हुआ, जहां बगनान से श्याम बाजार जा रही एक बस को मालवाहक लॉरी ने टक्कर मार दी। हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ।
बस में करीब 40 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 3 लोगों की मौत हो गई। बाकी 26 घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत स्थिर बताई जा रही है।
राज्य में बढ़ते सड़क हादसे चिंता का विषय
पिछले कुछ महीनों में राज्य में सड़क हादसों की संख्या बढ़ी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से बार-बार अपील की जा रही है कि वाहन चालक गति सीमा का पालन करें और सावधानी से वाहन चलाएं, लेकिन ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कई परिवारों की खुशियां छीन रही है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
