दिल्ली में कोरोना से एक बुजुर्ग की मौत, 101 मरीज स्वस्थ हुए — एक्टिव केस घटकर 630
नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटे के भीतर कोरोना संक्रमण से एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक व्यक्ति फेफड़े के कैंसर (एडेनोकार्सिनोमा) से पीड़ित था। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस अवधि में कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के कोविड डैशबोर्ड के अनुसार, दिल्ली में कुल सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 630 रह गई है। बुधवार को यह आंकड़ा 632 था। इसके साथ ही 101 मरीजों ने कोरोना को मात दी और स्वस्थ घोषित किए गए।
जनवरी से अब तक दिल्ली में कोरोना संक्रमण से 16 लोगों की मौत हो चुकी है। डॉक्टरों का कहना है कि यह नया वेरिएंट विशेष रूप से पहले से बीमार, बुजुर्ग और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों के लिए अधिक घातक साबित हो रहा है।
कोरोना का रूप अब हल्का, पर खतरा अभी टला नहीं
विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल सामने आ रहे मामले सामान्य फ्लू की तरह हैं, लेकिन पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को यह संक्रमण भारी पड़ सकता है। डॉक्टरों ने लोगों से सतर्कता बरतने, मास्क पहनने और भीड़भाड़ से बचने की सलाह दी है।
दिल्ली में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा विशेषज्ञ किसी भी संभावित लहर को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
