कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 हजार लीटर अवैध शराब का नष्टीकरण थानों में वर्षों से जमा जप्त सामग्री के निपटान की मुहिम तेज, थाना कटघोरा से सर्वाधिक 346 प्रकरण
कोरबा। जिले की पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत निराकृत 1866 प्रकरणों में जब्त करीब 10,000 लीटर अवैध शराब का विधिवत नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई पुलिस लाइन, कोरबा में की गई, जहां कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा गठित समिति की उपस्थिति में शराब को नष्ट किया गया।
नष्टीकरण की गई शराब में 7565 लीटर महुआ शराब, 1356 लीटर देशी शराब और 990 लीटर अंग्रेजी शराब शामिल थी। इनमें से सर्वाधिक 346 प्रकरण थाना कटघोरा, 209 प्रकरण थाना बांकीमोंगरा और 200 प्रकरण थाना बांगो क्षेत्र से संबंधित थे, जबकि शेष प्रकरण जिले के अन्य थानों से प्राप्त हुए।
पर्यावरणीय मानकों के तहत की गई कार्रवाई
यह पूरी प्रक्रिया छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से प्राप्त प्रमाण-पत्र के आधार पर पर्यावरणीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता से की गई। नष्टीकरण की कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई, ताकि पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
पहले भी की जा चुकी हैं उल्लेखनीय कार्रवाइयां
कोरबा पुलिस इससे पहले भी 852 लावारिस वाहनों की नीलामी और 652 विसरा प्रकरणों का निपटान कर चुकी है। इस तरह की कार्रवाई से थानों में वर्षों से जमा अनुपयोगी जब्त सामग्री का व्यवस्थित निपटान संभव हो पाया है।
थानों में व्यवस्था और स्वच्छता की दिशा में अहम कदम
जिला पुलिस का यह प्रयास न केवल कानूनी प्रक्रियाओं के पालन का उदाहरण है, बल्कि इससे थाना परिसरों में स्वच्छता, स्थान की उपलब्धता और समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित हो रही है। इससे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित कार्यस्थल प्राप्त हो रहा है।
पुलिस का संकल्प: अभियान रहेगा जारी
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी थानों को स्वच्छ, व्यवस्थित और उत्तरदायी बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
