October 19, 2026

शा उ मा विद्यालय-करही में शाला प्रवेशोत्सव व न्यौता भोज का आयोजन धूमधाम से किया  गया…

0
IMG-20250616-WA0613.jpg

मुंगेली | मुंगेली विकासखंड के ग्राम करही स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत शाला प्रवेशोत्सव के साथ की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकमल परिहार रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एडिशनल कलेक्टर मेनका प्रधान, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष डॉ. आशुतोष पांडेय, ग्राम सरपंच आनंदराम महिलांग एवं अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

शुरुआत मां सरस्वती के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात प्राचार्य जे.एस. ध्रुव ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया तथा अतिथियों ने विद्यालय में प्रवेश लेने वाले बच्चों का तिलक कर स्वागत किया। बच्चों को पाठ्यपुस्तकें, कॉपी-पेन और मिठाई वितरित की गई।

कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2023-24 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। ग्राम सरपंच द्वारा कक्षा 8वीं में प्रथम स्थान प्राप्त छात्र को नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।

अपने उद्बोधन में जनपद अध्यक्ष रामकमल परिहार ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और संसाधन मजबूत करने के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत व लगन से पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।

सभापति पवन पांडेय ने कहा कि आज सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी विज्ञान, तकनीक और प्रशासन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। अब सरकारी स्कूलों को पिछड़ा समझने की मानसिकता बदल रही है।

एडिशनल कलेक्टर मेनका प्रधान ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में शासन द्वारा निरंतर सुधार किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य मिल सके।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रांगण में न्यौता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों व ग्रामीणों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का संचालन मोनिका ठाकुर और ऋतु पांडेय ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्राचार्य जे.एस. ध्रुव ने किया।

इस अवसर पर बीईओ मंडलोई, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed