नाबालिग से छेड़छाड़ पर तीन युवकों ने की अज्ञात व्यक्ति की हत्या, जशपुर पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी
जशपुर । जशपुर जिले के थाना सन्ना क्षेत्र में दस दिन पहले मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने एक युवक समेत दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि मृतक ने एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ की थी, जिससे आक्रोशित होकर आरोपियों ने उसे पीट-पीटकर मार डाला था।
पुलिस के मुताबिक, 6 जून को सन्ना क्षेत्र के एक गांव में एक अज्ञात युवक की लाश मिली थी। शव के हाथ-पैर बंधे थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण मारपीट से हुई चोटों को बताया गया। मृतक की शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव का विधिवत अंतिम संस्कार भी कराया।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना के दिन गांव के युवक जीवनधर यादव (19) और दो नाबालिग लड़कों का अज्ञात मृतक से विवाद हुआ था। जब पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उन्होंने स्वीकार किया कि मृतक ने मछली पकड़ रही एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ की थी। इसके बाद तीनों ने डंडों और मुक्कों से उसकी पिटाई की और हाथ-पैर बांधकर गांव के बाहर फेंक दिया। बाद में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त डंडा और रस्सी भी जब्त कर ली है। जीवनधर यादव को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है, जबकि दोनों नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना सन्ना प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश यादव और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।
> एसएसपी जशपुर ने बताया कि थाना सन्ना क्षेत्र में हुई हत्या का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
