रायपुर बना छत्तीसगढ़ में अपराधी की राजधानी, बेबस और लचर पुलिस व्यवस्था, बेख़ौफ़ अपराधियों का राज खुलेआम चाकूबाजी
रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन की पार्किंग में शनिवार को एक सुनियोजित और सनसनीखेज घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। पार्किंग में कार्यरत स्टाफ के साथ तीन युवकों ने न केवल मारपीट की, बल्कि चाकूबाजी कर गंभीर रूप से घायल भी कर दिया। इस घटना के बाद से न केवल रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों में बल्कि आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
*क्या है पूरा मामला?*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार की है जब रेलवे स्टेशन की पार्किंग में तीन युवक किसी निजी वाहन को पार्क करने के बाद पार्किंग शुल्क को लेकर विवाद करने लगे। पार्किंग स्टाफ द्वारा शुल्क लेने की प्रक्रिया समझाए जाने पर आरोपी युवक आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतर आए। स्थिति बिगड़ती देख जब अन्य स्टाफ सदस्य बीच-बचाव के लिए आए तो युवकों ने तेजधार हथियार (चाकू) निकाल लिया और एक स्टाफ सदस्य पर हमला कर दिया। चाकू के वार से घायल कर्मी को तत्काल रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान अर्जुन साहू (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पिछले तीन वर्षों से रेलवे स्टेशन की पार्किंग में कार्यरत है।
*CCTV में कैद हुई वारदात*
रेलवे स्टेशन में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है। वीडियो फुटेज में साफ दिख रहा है कि तीनों युवक पार्किंग में घुसते हैं, स्टाफ से बहस करते हैं और फिर अचानक हमला कर देते हैं। पुलिस ने वीडियो फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
