October 19, 2026

राजकीय वृक्ष ‘साल’ की लकड़ी का अवैध परिवहन कर रहे दो तस्कर दबोचे, लाखों की इमारती लकड़ी जब्त

0
IMG-20250614-WA0735.jpg

मुंगेली । जिले में इमारती लकड़ी की तस्करी पर नकेल कसते हुए लोरमी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। रात्रि चेकिंग के दौरान पीकअप वाहन में छुपाकर ले जाई जा रही साल वृक्ष की 49 नग लकड़ियां जब्त की गईं। पकड़े गए दो तस्करों के कब्जे से एक लाख रुपये मूल्य की कच्ची लकड़ी बरामद की गई है।

➡️ ऑपरेशन बाज के तहत हुई कार्रवाई
➡️ वाहन समेत आरोपी गिरफ्तार, वन विभाग को सौंपा गया
➡️ वन संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज अभियान के तहत जिले में असामाजिक तत्वों, मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी और अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और लोरमी डीएसपी नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में साइबर सेल और लोरमी पुलिस की टीम ने 13 जून की रात लोरमी-कोटा मार्ग पर सर्किट हाउस के पास चेकिंग के दौरान पीकअप वाहन (सीजी-04 डीई-2051) को रोका।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें छुपाकर रखी गई साल वृक्ष की 49 नग इमारती लकड़ी मिली, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अजय सोनवानी (29) और निर्मल सोनवानी (25), निवासी बांधा चौकी जूनापारा, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर बताया। उन्होंने बताया कि लकड़ियां ग्राम बांधा से लाकर घाटापानी ले जाई जा रही थीं।

तस्करों को वाहन समेत लोरमी थाने लाया गया और आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंपा गया। विभाग द्वारा वन संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील कुमार बंछोर, प्रआर. नोखेलाल कुर्रे, नरेश यादव, यशवंत डाहिरे, लोकेश राजपूत, रवि कुमार जांगड़े, आरक्षक परमेश्वर जांगड़े, भेषज पाण्डेकर, राकेश बंजारे, रामकिशोर कश्यप, हेमसिंह, बसंत कुमार, जितेन्द्र सिंह एवं लोरमी पुलिस की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed