October 19, 2026

गोतस्करों से मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, दो आरोपी फरार

0
IMG-20260731-WA0007-1153x1536

पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली, पांच गोवंशीय पशु पहले ही किए गए थे बरामद=

आजमगढ़ उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में गोतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने शुक्रवार तड़के मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल आरोपी की पहचान संतोष यादव (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 24 जुलाई को अतरौलिया थाना क्षेत्र के अचलीपुर अंडरपास के पास गोवंशीय पशुओं से लदी एक पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया था। चालक बैरियर तोड़ते हुए गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की ओर भाग निकला। बाद में गोपालीपट्टी नहर के पास पिकअप छोड़कर तीनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मौके से पांच प्रतिबंधित गोवंशीय पशुओं को सुरक्षित मुक्त कराया और एक मोबाइल फोन बरामद किया था।
जांच के दौरान संतोष यादव, संतोष सरोज और शमीम की पहचान होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर गिरफ्तारी अभियान चलाया गया। शुक्रवार सुबह करीब 4:20 बजे सुखीपुर सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान तीनों संदिग्ध बाइक से आते दिखाई दिए। पुलिस के रुकने के संकेत पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में संतोष यादव के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ लूट, गोवध, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी और हत्या के प्रयास समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed