छत्तीसगढ़
(धमतरी) धमतरी पुलिस का बड़ा प्रहार: 2.60 करोड़ का गांजा जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार
धमतरी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी गांजा जब्ती को अंजाम दिया है। पुलिस ने करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति के साथ 490.818 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में मुख्य तस्करों के साथ पायलटिंग कर रहे स्विफ्ट कार चालक और गांजा परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन चालक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों, शराब, जुआ एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना अर्जुनी पुलिस को सूचना मिली कि एक महिंद्रा पिकअप और एक मारुति स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर चारामा से धमतरी की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने श्याम तराई फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान पिकअप में रखी 13 प्लास्टिक बोरियों और स्विफ्ट कार में छिपाकर रखे गए पैकेटों से कुल 96 पैकेटों में 490.818 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की कीमत लगभग 2 करोड़ 45 लाख 40 हजार 900 रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में नौशाद खान, करण साहू, मोहम्मद शादिक और हिमांशु साहू शामिल हैं। पुलिस ने गांजे के अलावा एक मारुति स्विफ्ट कार, एक महिंद्रा पिकअप वाहन तथा छह मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 900 रुपये बताई गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर और अन्य स्थानों में खपाने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
उल्लेखनीय है कि बीते छह सप्ताह के भीतर धमतरी पुलिस द्वारा गांजा तस्करों के खिलाफ यह लगातार सातवीं बड़ी कार्रवाई है। पुलिस का कहना है कि जिले को नशामुक्त बनाने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
