मुंगेली जिला चिकित्सालय: आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं और बेहतर उपचार से बना मरीजों की पहली पसंद
दर्द से जूझ रहे मरीजों के लिए बनी उम्मीद की किरण, दूसरे राज्यों के लोग भी ले रहे उपचार का लाभ
मुंगेली,
आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं और मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण के चलते जिला चिकित्सालय मुंगेली अब न केवल जिले के लिए, बल्कि आसपास के क्षेत्रों और अन्य राज्यों के मरीजों के लिए भी भरोसे का केंद्र बन गया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा और जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरीश कुर्रे के मार्गदर्शन में सिविल सर्जन डॉ. एम.के. राय के नेतृत्व में जिला अस्पताल का फिजियोथेरेपी विभाग गंभीर दर्द और शारीरिक अक्षमता से जूझ रहे मरीजों के लिए संजीवनी साबित हो रहा है
।
नई जिंदगी पाने वाले मरीजों की दास्तां
अस्पताल में उपचार प्राप्त कर रहे मरीजों की सफलता की कहानियाँ प्रेरणादायक हैं:
नकुल साहू (मुंगेली): लकवा के कारण एक वर्ष से चलने में असमर्थ नकुल ने 09 माह की नियमित फिजियोथेरेपी से सामान्य जीवन वापस पाया है।
आतिश दास (शहडोल, म.प्र.): तीन वर्षों से बिस्तर पर थे, लेकिन यहाँ के उपचार से आज अपने पैरों पर खड़े होकर सामान्य जीवन जी रहे हैं।
सरिता बाजपेयी (मुंगेली): एक वर्ष से कमर झुककर चलने को मजबूर सरिता अब बिना किसी परेशानी के चल-फिर रही हैं।
सारथु राम (लोरमी): 5-6 वर्षों से कंधे के असहनीय दर्द से मुक्त हुए।
रमेश सिंह (बलौदाबाजार): 08 वर्षों से कमर दर्द से जूझ रहे रमेश को फिजियोथेरेपी से बड़ी राहत मिली है।
निशा यादव (मुंगेली): लिगामेंट ऑपरेशन के बाद घुटनों की जकड़न से परेशान निशा अब पूरी तरह सामान्य गतिविधियां कर पा रही हैं।
अत्याधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ उपचार
जिला चिकित्सालय का फिजियोथेरेपी विभाग वर्तमान में अत्याधुनिक मशीनों से लैस है। यहाँ निम्नलिखित विशिष्ट सुविधाएं उपलब्ध हैं:
एडवांस एक्यूपंक्चर थेरेपी
एडवांस गेट थेरेपी
फायर और नॉर्मल कपिंग
फुल बॉडी रिलैक्सेशन थेरेपी
लेजर थेरेपी और पीआरपी थेरेपी
सिविल सर्जन डॉ. एम.के. राय ने बताया कि फिजियोथेरेपी के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज यहाँ पहुँच रहे हैं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय फिजियोथेरेपी विभाग के प्रभारी डॉ. उत्कर्ष पाठक और उनकी पूरी टीम के समर्पण को दिया है। जिला अस्पताल का यह प्रयास न केवल मरीजों का दर्द कम कर रहा है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में मुंगेली को एक नई पहचान भी दिला रहा है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
