October 19, 2026

ढाई लाख रुपये का गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार

0
40-3-1200x847.jpg



रायपुर, । राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एनटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 4 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2.45 लाख रुपये आंकी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, एनटीएफ को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि रायपुरा स्थित आरोग्यधाम अस्पताल के पीछे अग्रोहा कॉलोनी के खाली मैदान में एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर टीआई सुनील दास के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चन्द्रमणी सूर्यवंशी (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम रिकोकला का निवासी है। वर्तमान में वह रायपुर के डी.डी. नगर क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक सफेद प्लास्टिक बोरी में रखा गांजा बरामद किया। गवाहों की मौजूदगी में जब्ती की कार्रवाई पूरी कर पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह गांजा कहां से लाता था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। प्रारंभिक जांच में बड़े तस्करी नेटवर्क से संबंध होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed