9 राज्यों में ठगी का सरगना अमन शर्मा गिरफ्तार करोड़ों की अंतर्राज्यीय ठगी करने वाले गिरोह पर ए.सी.सी.यू. और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के पश्चात अपराधियों के विरुद्ध सतत् सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। अपराध एवं साइबर इकाई (ए.सी.सी.यू.) तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय ठगी के मुख्य सरगना अमन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। उक्त आरोपी देश के 09 राज्यों में 22 से अधिक ठगी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है तथा लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमन शर्मा विदेशी मुद्रा तथा यात्रा व्यवसाय से जुड़े व्यक्तियों को लक्ष्य बनाकर ठगी करता था। वह स्वयं को एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ बताकर लोगों को विश्वास में लेता और सुनियोजित तरीके से करोड़ों रुपए की ठगी को अंजाम देता था। थाना तेलीबांधा क्षेत्र के एक ट्रेवल व्यवसायी द्वारा की गई शिकायत के आधार पर इस प्रकरण की जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने विभिन्न राज्यों में दबिश दी तथा आरोपी के ठिकानों का पता लगाया। इस अभियान के अंतर्गत गिरोह के दो अन्य सदस्यों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका था। निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप अंततः मुख्य आरोपी अमन शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में अनेक प्रकरण दर्ज हैं तथा पूछताछ के दौरान अन्य ठगी के मामलों के भी खुलासे होने की संभावना है। यह कार्रवाई अंतर्राज्यीय अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। वर्तमान में पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
