जनशिकायत सही, निगम स्वास्थ्य विभाग की सख्त कार्रवाईनैवेद्य फैक्ट्री पर 10 हजार, गुजराती मिष्ठान भंडार पर 5 हजार का जुर्माना
रायपुर। नगर निगम रायपुर के स्वास्थ्य विभाग ने स्वच्छता से जुड़ी जनशिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए दो खाद्य प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई की है। निगम आयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में की गई औचक जांच में शिकायतें सही पाई गईं, जिसके बाद जुर्माना लगाते हुए सुधार के निर्देश जारी किए गए।
नगर निगम स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य अधिकारी ने नैवेद्य फैक्ट्री का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि फैक्ट्री द्वारा नगर निगम की नालियों में गंदगी डाली जा रही थी, जिससे नालियां जाम हो रही थीं। जनशिकायत को सही पाते हुए फैक्ट्री संचालक पर तत्काल 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और साफ-सफाई व्यवस्था तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
इसी तरह जोन क्रमांक-4 क्षेत्र अंतर्गत गुजराती मिष्ठान भंडार का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) नहीं पाया गया। इस पर संबंधित संचालक पर 5 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया तथा मिनी एसटीपी निर्माण के लिए नोटिस जारी किया गया।
कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी और निगम मुख्यालय के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। नगर निगम स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता से जुड़ी किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
