October 20, 2026

सड़क सुरक्षा माह में चेतना अभियान, खैरा गांव में ग्रामीणों को किया गया जागरूक

0
IMG-20260108-WA0030.jpg

बिलासपुर/रतनपुर। सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “चेतना अभियान” के अंतर्गत गुरुवार को थाना रतनपुर क्षेत्र के ग्राम खैरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम महामाया कॉलेज रतनपुर द्वारा आयोजित एनएसएस शिविर के दौरान संपन्न हुआ, जिसमें ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों और युवाओं को सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को यातायात नियमों का पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने तथा दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही महिला एवं बाल अपराध, महिला-बाल सुरक्षा, कानूनी अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, साइबर अपराध और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस ने ग्रामीणों को आगाह किया कि वे अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या किसी भी प्रकार के लालच में आकर अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करें, क्योंकि इससे साइबर ठगी का खतरा बढ़ जाता है।

कार्यक्रम में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी समस्या या अपराध की स्थिति में वे बिना डर के पुलिस से संपर्क करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की जाएगी।

इस जागरूकता कार्यक्रम में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा नूपुर उपाध्याय, महामाया कॉलेज के प्राचार्य, खैरा स्कूल के प्राचार्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने अभियान की सराहना करते हुए इसे गांव के लिए उपयोगी बताया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चेतना अभियान के माध्यम से आगे भी ग्रामीण अंचलों में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क सुरक्षा के साथ-साथ समाज को अपराध और नशे से मुक्त किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed