ग्राम पंचायत हसौद बस स्टैंड के पास सामुदायिक शौचालय में पसरा गंदगी का अंबार, प्रशासन बेखबर
सक्ती । जिले क्षेत्र के ग्राम पंचायत हसौद बस स्टैंड के पास बने सामुदायिक शौचालय की स्थिति इन दिनों बेहद बदहाल हो चुकी है। शौचालय के चारों ओर गंदगी, कचरा और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है, जिससे आसपास के लोग परेशान हैं।
*स्थानीय निवासियों के अनुसार*
इस स्थान पर पहले एक बोरवेल भी हुआ करता था, जो अब पूरी तरह गायब हो चुका है। पानी की व्यवस्था ठप हो जाने से शौचालय की सफाई लंबे समय से नहीं की जा सकी है। ग्राम पंचायत की लापरवाही के कारण यह सार्वजनिक सुविधा केंद्र अब खुद अस्वच्छता का प्रतीक बन गया है।
*ग्रामवासियों का आरोप है कि* पंचायत द्वारा हर साल 15वें वित्त आयोग और मूलभूत सुविधा मद से सफाई कार्यों के लिए राशि खर्च किए जाने की बात कही जाती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। न तो नियमित सफाई हो रही है और न ही आसपास की व्यवस्था सुधारी जा रही है।
लोगों ने ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी अनदेखी के कारण हसौद बस स्टैंड और शौचालय परिसर पूरी तरह गंदगी में तब्दील हो गया है। इससे गांव की छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
*ग्रामवासियों ने प्रशासन से की मांग*
हसौद बस स्टैंड और सामुदायिक शौचालय परिसर की तत्काल सफाई कराई जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि क्या संबंधित विभाग इस मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है या फिर यह मुद्दा भी अन्य शिकायतों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
