October 19, 2026

जिला अस्पताल की लापरवाही का मामला तूल पकड़ा, कांग्रेस ने बनाई जांच समिति

0
Screenshot_20250829_175621.jpg

मुंगेली। जिला अस्पताल में प्रसूता महिला के इलाज में लापरवाही का मामला अब गंभीर रूप ले चुका है। यह मुद्दा सुर्खियों में आने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा को मामले पर विस्तृत संज्ञान लेने के निर्देश दिए।

निर्देश के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने पीड़िता से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष के आदेश पर तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। समिति में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि दिलीप बंजारा और अभिलाष सिंह सदस्य होंगे। यह समिति घटनाक्रम की जांच कर अपनी रिपोर्ट जिलाध्यक्ष को सौंपेगी।

गौरतलब है कि बीते दिनों मुंगेली जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुली थी। ठाकुरिकापा निवासी एक गर्भवती महिला को परिजन देर रात 1 बजे अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन ड्यूटी पर तैनात नर्स ने बताया कि डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं और सुबह ही आएंगे। मजबूर होकर महिला रातभर दर्द से तड़पती रही और सुबह उसे परिजन प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां उसने बच्चे को जन्म दिया।

इस घटना ने जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को उजागर कर दिया है। करोड़ों की लागत से बने इस अस्पताल में न डॉक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता है और न ही समय पर मरीजों को उपचार मिल पा रहा है। रोजाना सैकड़ों मरीज यहां पहुंचते हैं, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में उन्हें निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।

जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा कि जिले के सबसे बड़े अस्पताल में ऐसी स्थिति बेहद चिंताजनक है। एक प्रसूता को इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की हालत कितनी खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल हो रही है। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार की संवेदनशीलता केवल कागजों में दिखती है, हकीकत इससे कोसों दूर है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं केवल मुंगेली तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राजधानी रायपुर में भी हाल ही में ऐसी ही लापरवाही सामने आई थी। इतना ही नहीं, अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों को प्रबंधन की ओर से दबाव और नोटिस तक झेलना पड़ा। इससे यह प्रतीत होता है कि सरकार अपनी नाकामियों को उजागर करने वालों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, अभिलाष सिंह, कौशल सिंह क्षत्रिय, मुकेश मिरी, श्रवण सोनकर, गौरी सोनकर,नवनीत शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed