निविदा मंजूरी के 15 दिनों के भीतर जारी करना होगा कार्यादेश, निर्माण कार्यों में देरी पर विभाग सख्त
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा, मुख्य अभियंताओं को सप्ताह में दो दिन फील्ड में रहने के निर्देश
सड़कों, पुलों और भवनों की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा, खराब निर्माण को उखाड़कर दोबारा बनाने के दिए आदेश
रायपुर । प्रदेश में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा कराने और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर सख्ती शुरू कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन निर्माण कार्यों की निविदा स्वीकृत हो चुकी है, उनके कार्यादेश चयनित ठेकेदारों एवं एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर जारी किए जाएं, ताकि निर्माण के अनुकूल मौसम और वर्किंग सीजन का पूरा उपयोग करते हुए कार्यों में तेजी लाई जा सके। उन्होंने मुख्य अभियंताओं को प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो दिन फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
सचिव मुकेश कुमार बंसल ने मंत्रालय में आयोजित बैठक में पांचों परिक्षेत्रों, सेतु बंध, विद्युत एवं यांत्रिकी, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा प्रमुख अभियंता कार्यालय के सभी मुख्य अभियंताओं के साथ विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में निर्माणाधीन भवनों, सड़कों, पुलों तथा नए निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रिया की प्रगति पर चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराए जाएं।
ठेकेदारों के कार्यों की होगी नियमित मॉनिटरिंग
बैठक में सचिव ने ठेकेदारों एवं निर्माण एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित और कड़ाई से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि ठेकेदार निर्धारित समय-सीमा और स्वीकृत मापदंडों के अनुसार काम करें। उन्होंने ठेकेदारों को नियमानुसार नियमित भुगतान करने पर भी जोर दिया, ताकि निर्माण कार्यों की गति प्रभावित न हो।
उन्होंने मुख्य अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और उप अभियंताओं की नियमित बैठक लेकर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें। प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी तय करते हुए निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति सुनिश्चित की जाए।
वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
सचिव बंसल ने पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 तथा चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन कार्यों की प्रक्रिया अभी लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। उनका कहना था कि स्वीकृत बजट का समय पर उपयोग और निर्माण कार्यों की निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रगति विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
घटिया निर्माण पर सख्ती, खराब सड़कों को उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश
बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सचिव ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ताहीन निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ठेकेदारों द्वारा किए गए खराब गुणवत्ता के कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप अच्छी गुणवत्ता के साथ दोबारा कराया जाए।
उन्होंने मानपुर-कोहका और गरियाबंद में राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्सों तथा कबीरधाम जिले में परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत आने वाले बानौ-कान्हाभैरा मार्ग के खराब हिस्सों को उखाड़कर पुनर्निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया में निर्धारित तकनीकी मापदंडों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए।
जन शिकायतों और लंबित प्रकरणों की भी हुई समीक्षा
विभागीय समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों के अलावा प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों पर भी चर्चा हुई। सचिव ने जमा मद के कार्यों, भू-अर्जन, वन-व्यपवर्तन, न्यायालयीन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही सीएम-हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी तथा सीपीग्राम्स (केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली) में प्राप्त जन शिकायतों के निराकरण की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए और आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित समाधान किया जाए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, उप सचिव अंशिका पाण्डेय सहित विभाग के सभी मुख्य अभियंता उपस्थित रहे।
विभागीय समीक्षा के दौरान दिए गए निर्देशों से स्पष्ट है कि लोक निर्माण विभाग अब निर्माण कार्यों की गति के साथ गुणवत्ता और जवाबदेही पर भी विशेष जोर दे रहा है। निविदा स्वीकृति के बाद 15 दिनों में कार्यादेश जारी करने तथा अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण के निर्देश से प्रदेश में लंबित निर्माण कार्यों को गति देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
