तमनार में अफीम की खेती का भंडाफोड़, 2 करोड़ से अधिक का माल जब्त
रायगढ़। थाना तमनार क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम की खेती के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19-20 मार्च की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आमाघाट में दबिश दी। मौके पर दो आरोपी फरार हो गए, जबकि मार्शल संगा निवासी खूंटी (झारखंड) को गिरफ्तार किया गया। जांच में दो खेतों में अवैध रूप से अफीम की खेती पाई गई।
मौके पर एफएसएल, राजस्व, कृषि एवं आबकारी विभाग की टीमों की मौजूदगी में जांच की गई, जिसमें 60,326 अफीम के पौधे बरामद हुए, जिनका वजन 2,877 किलोग्राम बताया गया। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर खेती करना स्वीकार किया है, जो वर्तमान में फरार हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना तमनार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(बी) व 18 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी है और इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
