मतदाता सूची से नाम हटाने का आरोप, वार्ड 16 विष्णु नगर में सियासी घमासान
बिलासपुर । नगर निगम के वार्ड क्रमांक 16 विष्णु नगर कुड़ूदंड में मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, पूर्व पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों और उनके परिजनों के नाम कथित तौर पर षड्यंत्रपूर्वक मतदाता सूची से हटाने के लिए अज्ञात व्यक्ति द्वारा फार्म-7 भरे जाने का मामला सामने आया है। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक तनाव का माहौल है और जनप्रतिनिधियों ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सीधा हमला बताया है।
सूत्रों का कहना है कि वर्तमान में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेशभर में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 और नाम हटाने के लिए फार्म-7 का प्रावधान है। आरोप है कि इसी वैधानिक प्रक्रिया का दुरुपयोग करते हुए वार्ड 16 विष्णु नगर कुड़ूदंड में चुनिंदा लोगों के नाम हटाने के लिए फार्म-7 भरे गए, जिसकी जानकारी संबंधित मतदाताओं को बाद में लगी।
सूत्रों के अनुसार, जिन लोगों के नाम कटवाने का प्रयास किया गया, उनमें वर्तमान पार्षद पति हिमांशु कश्यप (पिता रतन कश्यप), पूर्व पार्षद प्रत्याशी रेहान रजा, भागीरथी यादव, पूर्व पार्षद राकेश चतुर्वेदी, रवि चतुर्वेदी, परमेश्वर यादव सहित कई अन्य नागरिक शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन मतदाताओं का क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय प्रभाव रहा है और इनका एक विशेष राजनीतिक दल के खिलाफ मतदान रुझान माना जाता है।
पूर्व पार्षद प्रत्याशी रेहान रजा ने इस पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित साजिश करार देते हुए आरोप लगाया कि इसके पीछे भारतीय जनता पार्टी के कुछ नवसीखिए कार्यकर्ताओं की भूमिका है। उनका कहना है कि वार्ड क्रमांक 16 में हालिया चुनाव में मिली हार को भाजपा पचा नहीं पा रही है और इसी राजनीतिक द्वेष के चलते मतदाता सूची से नाम हटाने जैसी गंभीर कोशिश की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस से जुड़े जनप्रतिनिधियों, उनके परिजनों, मुस्लिम मतदाताओं और उन नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है, जिनसे भाजपा को चुनावी नुकसान की आशंका है।
उल्लेखनीय है कि वार्ड 16 कुड़ूदंड को लंबे समय तक भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है, लेकिन हालिया नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अनीता हिमांशु कश्यप की जीत ने राजनीतिक समीकरण बदल दिए। इसी बदलाव के बाद यह विवाद सामने आने से मामला और संवेदनशील हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, जनप्रतिनिधियों ने इस संबंध में बिलासपुर कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है और मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच कराई जाए। साथ ही यह भी आग्रह किया गया है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ताकि मतदाता सूची की पवित्रता बनी रहे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर किसी भी प्रकार का आघात न पहुंचे।




The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
