October 20, 2026

कोनी पुलिस का नशे पर वार: महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार, डेढ़ किलो के करीब गांजा जब्त

0
IMG-20260217-WA0069.jpg



बिलासपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा बेचने वाली एक महिला को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 1 किलो 256 ग्राम गांजा तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 36 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सघन कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 15 फरवरी 2026 को थाना कोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिरकोना निवासी श्रीमती पूर्णिमा वर्मा (25 वर्ष) अपने कोठा में भूसा के नीचे गांजा छिपाकर अवैध रूप से बिक्री कर रही है। सूचना की तस्दीक के बाद एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी महिला को पकड़ा।

तलाशी के दौरान कोठा में रखे भूसा के नीचे एक सफेद प्लास्टिक थैले में हरे-भूरे रंग की पत्तीनुमा सामग्री मिली, जिसकी जांच करने पर वह गांजा पाई गई। तौल करने पर उसका वजन 1 किलो 256 ग्राम निकला। मौके से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी श्रीमती पूर्णिमा वर्मा, पति चैत राम वर्मा, निवासी ग्राम बिरकोना, थाना कोनी के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जनअपील:
कोनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले, तो तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed