October 20, 2026

कोटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गांजा बेचने वाली महिला गिरफ्तार, साढ़े पाँच लाख से अधिक की जप्ती

0
IMG-20260217-WA0054.jpg



कोटा (बिलासपुर)। चेतना विरुद्ध नशा व प्रहार अभियान के तहत कोटा पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा की अवैध बिक्री में लिप्त एक महिला को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 900 ग्राम गांजा सहित कुल 5 लाख 66 हजार रुपये की जप्ती की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब व मादक पदार्थों के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 15 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना कोटा क्षेत्र के ग्राम गनियारी स्थित वर्मा मोहल्ला में एक महिला गांजा बेचकर अवैध रूप से धनार्जन कर रही है।

सूचना की तस्दीक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर वर्मा मोहल्ला ग्राम गनियारी में दबिश दी गई।

रेड कार्रवाई के दौरान आरोपिया श्रीमती काजल वर्मा पति कुनानू उर्फ नानू वर्मा (25 वर्ष), निवासी वर्मा मोहल्ला, ग्राम गनियारी, थाना कोटा के कब्जे से 900 ग्राम मादक पदार्थ गांजा (कीमत लगभग 40 हजार रुपये) तथा बिक्री से प्राप्त 5 लाख 26 हजार रुपये नकद जप्त किए गए। इस प्रकार कुल जुमला 5 लाख 66 हजार रुपये की जप्ती की गई।

पुलिस ने आरोपिया के विरुद्ध धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेश चौहान, सहायक उप निरीक्षक गोपाल खांडेकर, प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव, आरक्षक संजय श्याम, विनोद यादव, ज्वाला सिंह सोनी, ओमकार नेताम, शैलेन्द्र दिनकर तथा महिला आरक्षक पूर्णिमा सिदार की विशेष भूमिका रही।

कोटा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed