मुंगेली में स्टंटबाजी पर सख्ती: एनएच-130 पर खतरनाक स्टंट करने वाले कार चालक पर ₹12,000 का चालान
मुंगेली/सरगांव । मुंगेली जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कार्यालय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली से जारी प्रेस नोट के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सरगांव पुलिस ने दिनांक 15 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर ग्राम किरना के समीप एक युवक को कार से खतरनाक स्टंट करते हुए पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, संबंधित युवक वाहन वेन्यू क्रमांक CG-22 AH/0214 से एनएच-130 पर स्टंटबाजी कर रहा था, जिससे स्वयं उसकी जान के साथ-साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही थी। पुलिस ने मौके पर ही मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन चालक से ₹12,000 का समन शुल्क वसूला।
सरगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में स्टंटबाजी, ओवरस्पीडिंग और अन्य यातायात उल्लंघनों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे कृत्य न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि जानलेवा भी हो सकते हैं। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क को स्टंट का मैदान न बनाएं।
मुंगेली पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
