नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने जिला न्यायालय में बैठक, 14 मार्च को होगा आयोजन
मुंगेली । आम नागरिकों को त्वरित, सुलभ एवं निःशुल्क न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने हेतु जिला न्यायालय परिसर के मीटिंग हॉल में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के तत्वावधान में संपन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिजा देवी मेरावी ने की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक प्रकरणों को चिन्हित कर लोक अदालत में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जिससे आम जनता को शीघ्र न्याय का लाभ मिल सके। बैठक में प्री-लिटिगेशन सहित न्यायालयों में लंबित विभिन्न प्रकार के प्रकरणों के निराकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि नेशनल लोक अदालत न्यायिक व्यवस्था में जनविश्वास बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। इसके माध्यम से विवादों का समाधान आपसी सहमति से किया जाता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। उन्होंने लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर देते हुए अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार सोम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जसविंदर कौर अजमानी मलिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव कंचन लता आचला सहित नगर पालिका, विद्युत विभाग एवं बीएसएनएल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के माध्यम से नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सभी विभागों ने सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
