जनता से सीधा संवाद : बिलासपुर रेंज में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड व्यवस्था शुरू
बिलासपुर।
पुलिस और जनता के बीच पारदर्शिता व विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में बिलासपुर रेंज पुलिस ने एक नई पहल की है। रेंज में आम नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद के लिए ‘‘अनुभव’’ नामक क्यूआर कोड आधारित फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग द्वारा किया गया। इस व्यवस्था के तहत थानों एवं पुलिस कार्यालयों में क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन कर आमजन अपने अनुभव और सुझाव सीधे पुलिस तक पहुंचा सकते हैं।
व्यवस्था के प्रारंभिक दिन ही थानों और पुलिस कार्यालयों में लगे क्यूआर कोड के माध्यम से मिले फीडबैक का अवलोकन पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने किया। फीडबैक में जिला बिलासपुर पुलिस के कार्यों को लेकर जन अपेक्षाओं के अनुरूप सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है। विशेष रूप से थाना सिटी कोतवाली, सिविल लाइन, कोटा और सरकंडा थानों में आम नागरिकों ने पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर ‘बहुत अच्छा’ श्रेणी का फीडबैक दिया है।
जनता ने बताया कि कई मामलों में थाना प्रभारी स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनका त्वरित निराकरण किया जा रहा है। साथ ही थानों में अधिकारियों-कर्मचारियों का व्यवहार, परिसर का वातावरण और साफ-सफाई को भी सराहनीय बताया गया। पुलिस का मानना है कि थाने से मिलने वाले अनुभव के आधार पर प्राप्त फीडबैक से व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
हालांकि अनुभव फीडबैक के माध्यम से 1-2 थानों में सुधार की आवश्यकता भी सामने आई है। इस पर संबंधित थाना प्रभारियों और कर्मचारियों को विशेष रूप से समझाइश देकर सुधार के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उप पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों को भी इस दिशा में निगरानी और मार्गदर्शन के लिए निर्देशित किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘‘अनुभव’’ क्यूआर कोड व्यवस्था पुलिस सेवाओं में गुणवत्ता, जवाबदेही और पारदर्शिता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आम जनता की संतुष्टि के साथ पुलिस कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार संभव हो सकेगा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
