प्रधान महालेखाकार कार्यालय, छत्तीसगढ़ की मेजबानी में पश्चिम क्षेत्रीय कैरम प्रतियोगिता 2026 का आगाज़, रायपुर में जुटे 60 से अधिक खिलाड़ी
भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक कार्यालय के तत्वावधान में, प्रधान महालेखाकार कार्यालय, छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित “भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग पश्चिम क्षेत्रीय कैरम प्रतियोगिता 2025–26” का रायपुर में आज भव्य शुभारंभ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि श्री यशवंत कुमार, प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), छत्तीसगढ़ ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पश्चिम क्षेत्र की कुल 09 टीमें अपनी चुनौती पेश कर रही हैं। मुंबई, नागपुर, ग्वालियर, भोपाल, राजकोट, अहमदाबाद, राजस्थान सहित प्रधान निदेशक लेखापरीक्षा (केंद्रीय) मुंबई और मेजबान PAG छत्तीसगढ़ की टीमों से 60 से अधिक खिलाड़ी खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। खेल की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली से विशेष रूप से चीफ रैफरी श्री शकील अख़्तर और उनकी अनुभवी टीम नियुक्त की गई है।
मीडिया से बात करते हुए मुख्य अतिथि यशवंत कुमार, प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), छत्तीसगढ़ ने कहा “छत्तीसगढ़ पिछले तीन वर्षों से निरंतर खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन कर रहा है और यह हमारा चौथा वर्ष है। पिछले वर्ष यह जिम्मेदारी ऑडिट विभाग ने निभाई थी। हमारा लक्ष्य भविष्य में बैडमिंटन जैसे अन्य जोनल टूर्नामेंट्स की मेजबानी करना भी है। इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। खेल न केवल ‘वर्क-लाइफ बैलेंस’ के लिए जरूरी हैं, बल्कि यह हमारे कार्यक्षेत्र में टीम भावना और ऊर्जा का संचार भी करते हैं।”
उद्घाटन सत्र के दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और बोर्ड पर स्ट्राइकर चलाकर खेल की शुरुआत की। मेजबान छत्तीसगढ़ टीम के कोच, मैनेजर और सभी प्रतिभागियों ने इस आयोजन को खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रतीक बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अति विशिष्ट अतिथि मोहम्मद फैज़ान नय्यर (महालेखाकार), एम.एस. डहरिया (वरिष्ठ उपमहालेखाकार एवं अध्यक्ष मनोरंजन क्लब) तथा श्रीमती जी. एळिलरसी (उपमहालेखाकार), प्रधान महालेखाकार कार्यालय छत्तीसगढ़ के अधिकारी व कर्मचारी और सभी जोन से आएं खिलाड़ी मौजूद रहें।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
