October 20, 2026

बिलासपुर में ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन की शुरुआत, तीन प्रमुख सेक्टरों में सख्त अभियान

0
Screenshot_20260107_154642.jpg

बिलासपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा बड़ा कदम उठाया गया है। शहर के तीन प्रमुख सेक्टरों—अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड, श्रीकांत वर्मा मार्ग (लिंक रोड से महिमा तिराहा) तथा महाराणा प्रताप चौक से नेहरू चौक—को “ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन” के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस योजना के तहत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में एक माह तक प्राथमिकता के आधार पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।

यातायात पुलिस के अनुसार, भूतल परिवहन मंत्रालय एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुरूप राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ व्यावहारिक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में बिलासपुर नगर को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर लक्षित क्षेत्रों में पुलिस, प्रशासन एवं नगर निगम के संयुक्त प्रयास से अंतरविभागीय समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर बेहतर बनाया जा सके।

पहले चरण में चयनित तीनों सेक्टरों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। यातायात को बाधित करने वाले अवैध अतिक्रमण, बैनर, पोस्टर, फ्लेक्सी, होर्डिंग और सड़क पर किए गए अस्थायी या पक्के निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। होटल, लॉज, ढाबा, सराय, कोचिंग संस्थान आदि के कारण जहां अनावश्यक भीड़ लगती है, उन्हें भी अपनी व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा ठेला, गुमटी, चाट–गुपचुप, फल, खिलौने आदि के चलित व्यवसायियों को मुख्य मार्ग पर विक्रय न करने की सख्त हिदायत दी गई है। उल्लंघन की स्थिति में कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

इसी अभियान के तहत अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड तक मुख्य मार्ग पर यातायात में बाधा बन रहे सभी अवरोधों को हटाया गया। दुकानों के सामने लगे बैनर, फ्लेक्सी, पोस्टर, होर्डिंग, डिस्प्ले, अतिरिक्त अतिक्रमण कर बनाए गए कंक्रीट निर्माण, दीवारें तथा सड़क पर बनी अन्य संरचनाएं हटाई गईं। इसके साथ ही दुकानों की छतों पर सड़क की ओर बढ़े हुए साइन बोर्ड, पुतले और अन्य डिस्प्ले भी हटाए गए।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान और आगे भी यातायात नियमों का पालन करें। दुकानों पर आने वाले वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और मुख्य मार्ग को बाधित न करें। पुलिस का उद्देश्य है कि चयनित तीनों सेक्टरों को पूर्ण रूप से “ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन” बनाकर शहर में सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था स्थापित की जा सके। यह अभियान भविष्य में पूरे शहर में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed