October 19, 2026

स्पा सेंटरों पर सिविल लाइन पुलिस की सख्ती, विशेष अभियान में पांच स्पा की सघन जांच

0
IMG-20260107-WA0010.jpg

बिलासपुर। शहर में संचालित स्पा सेंटरों में अनियमित गतिविधियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना सिविल लाइन पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस अभियान के तहत थाना क्षेत्र के प्रमुख स्पा सेंटरों की सघन चेकिंग की गई, जिसमें नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर स्पा प्रबंधकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस द्वारा एक्वा स्पा (36 मॉल), एसीसी स्पा (व्यापार विहार), दर्शना स्पा (भारतीय नगर), एलिमेंट्स स्पा (मैग्नेटो मॉल के पास) तथा एक्वा-2 स्पा (महाराणा प्रताप चौक) की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान स्पा सेंटरों में गतिविधियों, कर्मचारियों की जानकारी, रजिस्टर, पहचान संबंधी दस्तावेज एवं संचालन प्रक्रिया की गहन पड़ताल की गई।

चेकिंग के दौरान कुछ स्पा सेंटरों में नियमों के अनुरूप संचालन नहीं पाए जाने और अनियमित गतिविधियों की पुष्टि होने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित स्पा प्रबंधकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही की। इस कार्रवाई के तहत अविनाश लहरे निवासी उसलापुर, ऋषभ सारथी निवासी उसलापुर, मोहम्मद मोइन खान निवासी पश्चिम बंगाल, मनीष जोशी निवासी विद्यानगर तथा अमन सेन निवासी महाराणा प्रताप चौक को अनावेदक बनाया गया है।

सिविल लाइन पुलिस का कहना है कि शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध या अनैतिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि ऐसे प्रतिष्ठानों का संचालन पूरी तरह नियमों और कानून के दायरे में हो, ताकि समाज में किसी भी प्रकार की गलत गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले स्पा सेंटर संचालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि किसी स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी हो, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed