October 20, 2026

रिश्वत मांगने के आरोप में कोर्ट मोहर्रिर आरक्षक निलंबित, एसपी का सख्त एक्शन

0
रिश्वत मांगने के आरोप में कोर्ट मोहर्रिर आरक्षक निलंबित, एसपी का सख्त एक्शन

रिश्वत मांगने के आरोप में कोर्ट मोहर्रिर आरक्षक निलंबित, एसपी का सख्त एक्शन

जांजगीर-चांपा। जिले में भ्रष्टाचार के एक गंभीर मामले में पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी चांपा में पदस्थ कोर्ट मोहर्रिर आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एक अधिवक्ता द्वारा प्रस्तुत लिखित शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें आरक्षक पर तीन हजार रुपये रिश्वत मांगने, फोन-पे के माध्यम से एक हजार रुपये लेने तथा पद का दुरुपयोग करने के आरोप लगाए गए थे।

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा मामले का संज्ञान लेते हुए आरक्षक को निलंबन अवधि में रक्षित केंद्र जांजगीर-चांपा से संबद्ध किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि में संबंधित आरक्षक को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

प्रारंभिक जांच के आदेश, 5 दिन में रिपोर्ट तलब
पुलिस अधीक्षक द्वारा रक्षित निरीक्षक को निर्देशित किया गया है कि शिकायत पत्र की प्रति संलग्न करते हुए प्रकरण की प्रारंभिक जांच गंभीरतापूर्वक कराई जाए और पांच दिवस के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। साथ ही आदेश की प्रति निलंबित आरक्षक को प्रदान कर उसकी पावती प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

विभागीय अमला अलर्ट
इस आदेश की प्रतिलिपि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रक्षित निरीक्षक, वेतन/स्थापना/जांच शाखा सहित संबंधित कार्यालयों को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और पद के दुरुपयोग जैसे मामलों में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

कानून व्यवस्था और न्यायिक प्रक्रिया की साख का सवाल
पुलिस विभाग का कहना है कि न्यायालय से जुड़े पदों पर कार्यरत कर्मियों से उच्चतम स्तर की ईमानदारी और पारदर्शिता अपेक्षित होती है। ऐसे में इस तरह के आरोप विभाग और न्यायिक प्रक्रिया की साख से जुड़े होते हैं, जिन पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई आवश्यक है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप है, वहीं आमजन और अधिवक्ता वर्ग ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश देने वाला कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed