टीम प्रहरी अभियान: मोवा ब्रिज–दलदल सिवनी मार्ग अतिक्रमणमुक्त, 13 शेड हटाए, 16 अवैध गुमटियां जब्त
रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और अवैध अतिक्रमण पर सख्ती के उद्देश्य से टीम प्रहरी अभियान के तहत नगर निगम द्वारा बड़ी कार्यवाही की गई। जोन क्रमांक 9 अंतर्गत मोवा ब्रिज से दलदल सिवनी मुख्य मार्ग पर चलाए गए संयुक्त अभियान में सड़क पर किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए लगभग 13 शेड तोड़े गए, वहीं करीब 16 अवैध गुमटियों को जब्त किया गया।
यह कार्यवाही जिला कलेक्टर के आदेशानुसार तथा नगर निगम आयुक्त एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश में अतिक्रमण रोधी अभियान के तहत की गई। नगर निगम जोन 9 के नगर निवेश विभाग एवं नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश विभाग की उड़नदस्ता टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।
अभियान के दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात में बाधा बन रहे शेड, गुमटी और अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया, जिससे लंबे समय से बनी जाम की समस्या से नागरिकों, व्यापारियों और आमजन को राहत मिली। सड़क को अतिक्रमणमुक्त किए जाने के बाद क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो गया है।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर में यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आगे भी इसी तरह की कार्यवाहियां लगातार जारी रहेंगी।
अभियान के दौरान जोन 9 के अधिकारियों एवं इंजीनियरिंग अमले की उपस्थिति में पूरी कार्यवाही शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न की गई। नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र के नागरिकों ने राहत की सांस ली है और इसे शहर के सुव्यवस्थित विकास की दिशा में जरूरी कदम बताया है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
