October 19, 2026

सड़क सुरक्षा माह 2026 में बिलासपुर यातायात पुलिस का बड़ा संकल्प, PPP मॉडल से शहर के व्यस्त क्षेत्रों में होगा सुव्यवस्थित आवागमन

0
IMG-20260105-WA0949.jpg

बिलासपुर । राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत बिलासपुर यातायात पुलिस ने शहर में सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए एक ठोस और दूरगामी कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है। जनसहयोग और पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के आधार पर शहर को व्यवस्थित करने का संकल्प लिया गया है, जिसके तहत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में कुछ प्रमुख क्षेत्रों को सेक्टर के रूप में चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक एवं समाधान कारक प्रयास किए जाएंगे।

01 जनवरी 2026 को चेतना भवन, पुलिस लाइन बिलासपुर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का विधिवत उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, जिलाधीश एवं जिला दण्डाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं आयुक्त नगर निगम बिलासपुर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए तथा लक्ष्यानुरूप कार्ययोजना बनाकर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

इन्हीं निर्देशों के पालन में बिलासपुर नगर को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित करने की पहल की गई है। यातायात की दृष्टि से कुछ महत्वपूर्ण सेक्टरों को प्राथमिकता के आधार पर चयनित कर वहां स्मार्ट सिटी के प्रारूप में सुधारात्मक कार्य किए जाएंगे, जिससे आवागमन सरल, सुगम, सुव्यवस्थित और सुरक्षित हो सके।

कार्ययोजना के तहत लक्षित सेक्टरों में अतिक्रमण हटाने, नो पार्किंग में वाहनों की रोकथाम, निर्धारित पार्किंग स्थलों के उपयोग, मुख्य मार्गों पर दृष्टि बाधित करने वाले बैनर, होर्डिंग्स, पोस्टर, फ्लैक्सी, एलईडी डिस्प्ले आदि को हटाने की सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फुटपाथ और सड़क किनारे अव्यवस्थित ठेला, गुमटी, फेरी व्यवसाय को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते के साथ नियमित अभियान चलाया जाएगा।

सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप पीली पट्टी, जेब्रा क्रॉसिंग, साइन बोर्ड, गति सीमा संकेतक, स्वच्छता पेटी और सूचनात्मक बोर्ड लगाए जाएंगे। सड़क पर मौजूद गड्ढे, डिवाइडर, नाली, कटाव और अन्य इंजीनियरिंग खामियों को शीघ्र सुधारने की योजना भी बनाई गई है। इसके अलावा होटल, लॉज, ढाबा, शिक्षण संस्थान, विवाह भवन आदि में आने वाले वाहनों के कारण सड़क पर अवरोध न हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा।

यातायात पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से स्वीकृत भवनों में उपलब्ध पार्किंग स्थलों का उपयोग केवल पार्किंग के लिए ही किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।

PPP मॉडल के तहत व्यापारियों, आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और एनजीओ के साथ बैठक कर आपसी सहमति से कार्ययोजना बनाई जाएगी। नागरिकों को सामाजिक सरोकार की भूमिका निभाने के लिए जागरूक किया जाएगा और ट्रैफिक वार्डन, यातायात मित्र व यातायात सहयोगी के रूप में जनसहयोग प्राप्त किया जाएगा। साथ ही प्रेस, मीडिया और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के माध्यम से सड़क सुरक्षा संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

प्रथम चरण में तीन प्रमुख सेक्टरों का चयन किया गया है, जिनमें अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड, लिंक रोड श्रीकांत वर्मा मार्ग से महिमा तिराहा तक और महाराणा प्रताप चौक से नेहरू चौक तक के मार्ग शामिल हैं। इन क्षेत्रों में तय समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करने के लिए अंतर्विभागीय समन्वय के साथ कार्ययोजना तैयार की गई है।

यातायात पुलिस ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि शहर के व्यस्त मार्गों पर किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों में सुझाव देकर और सहयोग प्रदान कर बिलासपुर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और अनुकरणीय शहर बनाने में सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed