October 19, 2026

गौवंशों की उपेक्षा के विरोध में 1 जनवरी को भूख हड़ताल, जिला प्रशासन को चेतावनी

0
गौवंशों की उपेक्षा के विरोध में 1 जनवरी को भूख हड़ताल, जिला प्रशासन को चेतावनी

गौवंशों की उपेक्षा के विरोध में 1 जनवरी को भूख हड़ताल, जिला प्रशासन को चेतावनी


मुंगेली। शहर एवं जिले में दुर्घटनाग्रस्त व बीमार गौवंशों के उपचार हेतु समुचित स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव को लेकर गौ सेवा कल्याण समिति (गो सेवा धाम) ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। समिति ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र ठोस एवं स्थायी निर्णय नहीं लिया गया, तो दिनांक 1 जनवरी 2026 को भूख हड़ताल की जाएगी।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जिला मुख्यालय मुंगेली में आज दिनांक तक गौवंश एवं अन्य निराश्रित पशुओं के लिए 24×7 सुविधा युक्त पशु चिकित्सालय उपलब्ध नहीं है। वर्तमान में संचालित पशु चिकित्सालय में ऑपरेशन, सर्जरी, आवश्यक दवाइयों तथा पशुओं को भर्ती कर उपचार की समुचित व्यवस्था का अभाव है। इसके कारण समय पर इलाज न मिलने से कई गौवंशों की असमय मृत्यु हो रही है।
समिति ने यह भी बताया कि दुर्घटनाग्रस्त गौवंशों के रेस्क्यू हेतु कोई समर्पित वाहन उपलब्ध नहीं है। वहीं नगर क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त गौशाला की व्यवस्था भी अब तक नहीं की गई है, जिससे गौवंशों की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है।
गौ सेवा कल्याण समिति (गो सेवा धाम) के अनुसार नगर पालिका मुंगेली द्वारा प्रदत्त भूमि, रेटा क्षेत्र में बीते छह माह से समिति अपने सीमित संसाधनों एवं जनसहयोग से घायल और दुर्घटनाग्रस्त गौवंशों का उपचार, भोजन, पानी तथा देखरेख का कार्य निरंतर कर रही है, जिस पर प्रतिदिन हजारों रुपये का व्यय हो रहा है।
समिति ने ज्ञापन में बताया कि पूर्व में भी शासन-प्रशासन को कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से आवेदन प्रस्तुत किए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। इसी के विरोध में समिति ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र 24×7 पशु चिकित्सालय, रेस्क्यू वाहन एवं सर्वसुविधायुक्त गौशाला की व्यवस्था नहीं की गई, तो 1 जनवरी 2026 से भूख हड़ताल कर आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed