नशे के सौदागरों पर बिलासपुर पुलिस का ‘प्रहार’ — शराब निर्माण गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, 150 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद
बिलासपुर । नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने बिलासपुर पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए अवैध रूप से शराब निर्माण करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 150 लीटर महुआ शराब सहित बड़ी मात्रा में शराब निर्माण की सामग्री बरामद की है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है।
गिरफ्तार आरोपी –
1. संजू भारद्वाज, पिता साहबलाल भारद्वाज, उम्र 22 वर्ष, निवासी पिरैया, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर।
2. सुभाष भारद्वाज, पिता रामाधार भारद्वाज, उम्र 25 वर्ष, निवासी पिरैया, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर।
3. अजय लहरें, पिता चंदराम लहरें, उम्र 30 वर्ष, निवासी बकरकुड़ा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर।
मामले का संक्षिप्त विवरण:
दिनांक 12 अक्टूबर 2025 को थाना प्रभारी निरीक्षक उत्तम साहू को मोबाइल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पिरैया में नदी किनारे कुछ लोग हाथ भट्ठी लगाकर अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण कर रहे हैं एवं बिक्री हेतु बड़ी मात्रा में शराब संग्रहित किए हुए हैं।
सूचना पर तत्काल थाना स्तर पर टीम गठित की गई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर छापेमारी की गई। पुलिस को मौके पर तीनों आरोपी शराब निर्माण करते हुए मिले। उनके पास से 05 नग एल्युमिनियम हंडा, जिसमें महुआ लाहन भरा हुआ था, 05 नग स्टील की झोंकनी पाइप, 05 नग स्टील गंज, 05 नग गैस सिलेंडर, तथा 15-15 लीटर के 10 प्लास्टिक डिब्बों में भरी कुल 150 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमती लगभग ₹30,000) बरामद की गई।
पुलिस ने शराब और उपकरणों को जब्त करते हुए आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार किया।
कानूनी कार्यवाही
मामले में थाना चकरभाठा में अपराध क्रमांक 413/2025 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(1)(क)(च), 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट तथा धारा 111(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
बिलासपुर पुलिस का सतत अभियान
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के सौदागरों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
