October 19, 2026

ग्रेटर नोएडा की औद्योगिक इकाई में भीषण आग, 15 फायर टेंडरों की तैनाती — पूरी फैक्ट्री जलकर खाक

0
16430710202505343110.webp

ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा के उद्योग विहार, ईकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र स्थित एक बड़ी औद्योगिक इकाई में सोमवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री फ्रूटी पेय पदार्थ के लिए उपयोग होने वाले पाइप और पैकेजिंग सामग्री का निर्माण करती है। रात के समय लगी इस आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील प्लास्टिक और पैकिंग मटेरियल मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते पूरी बहुमंजिला इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गईं। फायर ब्रिगेड के अधिकारी, सीएफओ सहित कई राहत टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

फायर कर्मियों को आग बुझाने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है, क्योंकि लपटें फैक्ट्री के अंदरूनी हिस्सों तक फैल चुकी हैं। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है, लेकिन फैक्ट्री की पूरी इमारत लगभग जलकर राख हो चुकी है। पुलिस और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करा लिया है ताकि किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके।

दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने में अभी समय लगेगा क्योंकि परिसर में रासायनिक पदार्थों और पैकिंग सामग्री के ढेर मौजूद हैं जो लगातार जल रहे हैं। आग के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है।

आग की गंभीरता को देखते हुए ग्रेटर नोएडा, सूरजपुर, दादरी और नोएडा से अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं और हालात पर सतत निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed