दशहरा पर्व पर मुंगेली पुलिस अधीक्षक ने की शस्त्र पूजा, जनता की सुरक्षा का लिया संकल्प
मुंगेली । विजयादशमी पर्व पर पुलिस लाइन रक्षित केंद्र मुंगेली में परंपरागत विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने पुलिस बल के हथियारों, उपकरणों एवं वाहनों की पूजा-अर्चना कर सुरक्षा, शक्ति और विजय की कामना की। दशहरे के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला शस्त्र पूजन पुलिस बल की परंपरा का प्रतीक है। यह परंपरा आजादी से पहले से चली आ रही है। विजयादशमी पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर लंका पर विजय प्राप्त की थी तथा मां दुर्गा ने महिषासुर का वध किया था। इसी कारण शस्त्र पूजन का विशेष महत्व माना जाता है।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने परंपरा अनुसार शस्त्र पूजन किया और पूजा के उपरांत रखिया कद्दू काटकर हवाई फायरिंग की। इसके बाद वाहनों की पूजा की गई और पुलिस बल ने जिलेवासियों की सुरक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों में भी शस्त्र पूजन किया। पुलिस जवानों और अधिकारियों ने अपने शस्त्रों एवं वाहनों को सजाकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने विजयादशमी पर्व को सामाजिक समरसता और शक्ति के प्रतीक के रूप में मनाया। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिलेवासियों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारे जीवन में खुशियां लेकर आए, साथ ही सभी लोग अपने अंदर के रावण को खत्म कर सत्य और सद्भावना के मार्ग पर आगे बढ़ें। उन्होंने जिलेवासियों से दशहरा पर्व को शांति और सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील की। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मुंगेली मयंक तिवारी, पथरिया एसडीओपी नवनीत पाटिल, उप पुलिस अधीक्षक एस.आर. घृतलहरे, यातायात एवं नक्सल उप पुलिस अधीक्षक संजय साहू, रक्षित निरीक्षक नरगिस ख्रिस्ट तिग्गा बघेल सहित जिले के थाना प्रभारी एवं पुलिस बल के जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
