October 19, 2026

पति ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, सदमे में पत्नी ने खाई सल्फास – हालत गंभीर

0
image_search_1759375125950.jpg

रायबरेली । जिले के बछरावां थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशली खेड़ा मजरे खैरहनी गांव में मंगलवार की देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। मामूली कहासुनी के बाद पति ने घर के बाहर स्थित बबूल के पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी ने सदमे में जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, खैरहनी गांव निवासी मुकेश कुमार का देर शाम किसी बात को लेकर पत्नी कोमल से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर मुकेश घर से बाहर निकला और गांव के बाहर स्थित बबूल के पेड़ से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। जब यह सूचना घर पहुंची तो पत्नी कोमल अपने पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने घर में रखी सल्फास की गोली खा ली।

परिजनों ने जब उसकी हालत बिगड़ती देखी तो तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) ले गए, जहां डॉ. अभय चतुर्वेदी ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर बताते हुए महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

वहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक मुकेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। घटना की जांच-पड़ताल जारी है और मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

गांव में हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। एक तरफ परिवार अपने बेटे की मौत से गमगीन है तो दूसरी ओर पत्नी की गंभीर हालत ने घर-परिवार को पूरी तरह सदमे में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed