रतनपुर में नवरात्रि सप्तमी पर लाखों श्रद्धालु पहुंचे महामाया मंदिर, एसएसपी राजनेश सिंह की अगुवाई में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
रतनपुर/बिलासपुर। शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि पर रविवार को रतनपुर स्थित माता महामाया मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ा। लाखों श्रद्धालु दूर-दराज से पैदल दर्शन यात्रा में शामिल होकर मां महामाया देवी के दर्शन हेतु पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था की कमान स्वयं बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह (भा.पु.से.) के हाथों में रही, जिन्होंने पूरी रात तीन बजे तक नगर भ्रमण कर सुरक्षा इंतज़ामों का जायज़ा लिया।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, दर्शनार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए 10 पैदल एवं वाहन पेट्रोलिंग टीम अलग से लगाई गई। वहीं, सड़कों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाकर यातायात व्यवस्था भी सुचारू रखी गई।
इस विशेष अवसर पर असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी गई। सघन चेकिंग अभियान चलाकर हजारों संदिग्धों की जांच की गई। जांच के दौरान असामाजिक तत्वों के पास से 1000 से अधिक चुड़ा, पंच, कैंची और चाकू जैसे धारदार हथियार जब्त किए गए। साथ ही अव्यवस्था फैलाने की कोशिश कर रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
पूरी पैदल यात्रा के दौरान पुलिस का संयमित और सख्त रवैया देखने को मिला। श्रद्धालुओं का कहना था कि इस बार सुरक्षा इंतजाम इतने मजबूत थे कि यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह ने कहा कि “श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता थी। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर तत्पर रहे और टीमवर्क के कारण ही नवरात्रि की सप्तमी पर इतनी बड़ी पैदलयात्रा बिना किसी बाधा के संपन्न हो सकी।”
नवरात्रि के इस पर्व पर पुलिस की चौकसी और सतर्कता की वजह से श्रद्धालु निश्चिंत होकर माता महामाया के दर्शन कर पाए। प्रशासन और पुलिस की इस मुस्तैदी की श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने सराहना की।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
