दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ
बिलासपुर । भारतीय रेल में 01 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2025 तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज दिनांक 01 अक्टूबर 2025 को प्रातः 11 बजे महाप्रबंधक कार्यालय परिसर, बिलासपुर में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई । इस अवसर पर सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
भारतीय रेलवे के साथ – साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं जिनमें स्वच्छता शपथ एवं जागरूकता, महात्मा गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस, स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी, स्वच्छ पटरी, स्वच्छ परिसर, स्वच्छ आहार, स्वच्छ नीर, स्वच्छ प्रसाधन, स्वच्छ पर्यावरण, स्वच्छता प्रतियोगिता, सिंगल यूज़ प्लास्टिक को ना, स्वच्छता समीक्षा एवं स्वच्छता जागरूकता रैली शामिल हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देना है।
स्वच्छता पखवाड़ा के प्रथम दिन आज प्रातः मंडल रेल प्रबंधक, बिलासपुर राजमल खोईवाल के नेतृत्व में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। यह प्रभात फेरी तितली चौक होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर समाप्त हुई। प्रभात फेरी में अधिकारीगण, कर्मचारीगण, खेल संघ, सिविल डिफेंस, भारत स्काउट एंड गाइड, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस, नागरिक सुरक्षा दल एवं रेलवे स्कूलों के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए। प्रभात फेरी के माध्यम से स्लोगन और पोस्टरों द्वारा यात्रियों तथा आम नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया गया।
बिलासपुर स्टेशन पर आज स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत अभियान के तहत नागरिक सुरक्षा दल एवं स्काउट-गाइड के बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इस जीवंत प्रस्तुति के माध्यम से यात्रियों और नागरिकों को कचरा डस्टबिन में डालने, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने, स्टेशन एवं गाड़ियों में गंदगी न फैलाने, खुले में शौच से बचने और हर जगह स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
आज दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी कार्यालयों, प्रमुख स्टेशनों, वर्कशॉप, कोचिंग डिपो एवं गुड्स शेड में भी स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यालय प्रमुखों द्वारा कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा प्रभात फेरियों आदि के माध्यम से नागरिकों और यात्रियों को स्वच्छता हेतु प्रेरित किया गया।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ विविध कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वच्छता को जीवन का संकल्प बनाने का संदेश दिया ।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
